टालगो ट्रेन में बिना एसी के यात्री होंगे कूल-कूल (naidunia.jagran.com)
रेलवे यात्रियों को गर्मी से बचाने के लिए "टालगो ट्रेन" चलाने जा रहा है। इस ट्रेन की खासियत यह है कि बाहर का तापमान अधिक होने के बाद भी कोच के अंदर का तापमान सामान्य ही रहेगा और वह भी बिना एसी के। स्पेन की इस ट्रेन का ट्रायल मुरादाबाद-बरेली समेत तीन रेल मार्गों पर मई माह के अंत में प्रस्तावित है। रेलवे का प्रयास है कि बाद में इस ट्रेन को सभी मार्गों पर चलाया जाए।
स्पेन सरकार आधुनिक तकनीक से निर्मित...
more... टालगो ट्रेन भारतीय रेलवे को देने पर सहमत है। ट्रेन की बॉडी ऐसी आधुनिक मेटल द्वारा बनायी गयी है जिससे बाहर 50 डिग्री सेल्सियस तापमान होने के बाद भी यात्रियों को अंदर गर्मी महसूस नहीं होगी। हाईस्पीड पर चलने के बाद भी इसके कोच न तो लहराएंगे और न ही यात्रियों को कोई शोर सुनाई देगा। ट्रेन के संचालन से 30 फीसद तक ऊर्जा बचाई जा सकेगी।
इसकी अधिकतम गति 250 किलोमीटर प्रति घंटा है। भारतीय रेलवे ने प्रथम चरण में राजधानी व शताब्दी के कोच हटाकर इस प्रकार के कोच लगाने की योजना बनायी है। स्पेनिश कंपनी भारतीय रेलवे को ट्रायल के लिए फ्री में कोच उपलब्ध कराने जा रही है। माना जा रहा है कि ये कोच 15 मई तक भारत पहुंच जाएंगे।
मार्गों पर अलग-अलग गति
देश में इस ट्रेन को विभिन्न रेल मार्गों पर अलग-अलग गति से चलाया जाना है। भारतीय रेलवे ने ट्रायल के लिए तीन रेल मार्गों का चयन किया है, उनमें मुरादाबाद-बरेली रेल मार्ग पर 115 किलोमीटर प्रति घंटा, मथुरा-पलवल मार्ग के बीच 180 किलोमीटर प्रति घंटा और दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग के बीच 200 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रायल किया जाएगा।