पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
पटना-गया रेल रूट पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। चलती ट्रेन से एक साथ दो युवक गिर गए। इस कारण दोनों युवक का शरीर ट्रेन के नीचे आ गया और कट जाने से मौके पर ही इनकी मौत हो गई। यह हादसा गया से पटना जंक्शन आ रही एक ट्रेन से हुआ। ये दोनों किस ट्रेन में सवार थे और चलती ट्रेन से कैसे गिर? इस बारे में रेल पुलिस या RPF को कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। डाउन रेलवे ट्रैक पर परसा बाजार स्टेशन और महुली हॉल्ट के बीच दो युवकों की लाश पड़े होने की जानकारी सबसे पहले परसा बाजार के लोकल थाना की पुलिस को हुई थी।...
more... मौके पर पुलिस टीम पहुंची। मामले की जांच की। चुकी हादसा रेलवे एरिया में हुआ, इसलिए सबसे पहले पटना जंक्शन रेल थाना की पुलिस और RPF को इसकी जानकारी दी गई। फिर रेल पुलिस और RPF की टीम मौके पर पहुंची। दोनों युवकों की लाश को अपने कब्जे में लिया। रेल पुलिस की टीम ने छानबीन की तो कुछ घंटे के अंतराल के बाद ट्रेन कटे युवकों की पहचान हो पाई।
पटना जंक्शन रेल थाना के SHO के अनुसार मरने वालों में एक की पहचान मुकेश कुमार और दूसरे का नाम पप्पू यादव के रूप में हुई है। एक जहानाबाद का रहने वाला है तो दूसरा अरवल का। इनके पास से कुछ कागजात मिले थे, जिसके आधार पर पहचान हो पाई। दोनों के परिवार से बात हुई। मुकेश और पप्पू, रिश्तेदार हैं। दोनों आज सुबह अपने घर से दिल्ली जाने के लिए निकले थे। जहानाबाद से ट्रेन पर सवार हुए थे। पटना जंक्शन से इन्हें दिल्ली जाने वाली ट्रेन पकड़नी थी। मगर, पटना पहुंचने से पहले ही हादसे के शिकार हो गए। किस ट्रेन से यह हादसा हुआ? दोनों एक साथ कैसे गिरे? इस बारे में पता नहीं चल सका है। फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए दोनों की लाश को भेज दिया गया है। परिवार वाले भी पटना पहुंचने वाले हैं।